
एससीईआरटी प्रशिक्षण के बाद धर्मेंद्र सिंह व प्रियंका वर्मा को मिली एडवोकेसी की जिम्मेदारी
विजय पाल चतुर्वेदी
सिद्धार्थनगर। गुणवत्तापूर्ण एवं समान शिक्षा को प्रत्येक विद्यार्थी तक पहुँचाने के उद्देश्य से संचालित पीएम ई-विद्या अभियान के प्रचार-प्रसार में सिद्धार्थनगर महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। एससीईआरटी, उत्तर प्रदेश के निर्देशन में एनसीईआरटी के केंद्रीय शैक्षिक प्रौद्योगिकी संस्थान (CIET) एवं BISAG-N के सहयोग से आयोजित पाँच दिवसीय प्रशिक्षण के बाद जनपद में पीएम ई-विद्या की एडवोकेसी को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाया जाएगा।
जनपद से धर्मेंद्र सिंह, असिस्टेंट टीचर (गणित), शिवपति इंटर कॉलेज, शोहरतगढ़ तथा प्रियंका वर्मा, सहायक अध्यापिका, प्राथमिक विद्यालय फूलपुर, बांसी ने प्रशिक्षण प्राप्त किया। प्रशिक्षण में डिजिटल कंटेंट निर्माण, शैक्षिक वीडियो, स्टूडियो प्रस्तुतीकरण, गुणवत्ता मूल्यांकन एवं डिजिटल शिक्षण के प्रभावी उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण में एनसीईआरटी-सीआईईटी के विशेषज्ञ अखिलेश वर्मा, डॉ. कमलेश यादव, मोनिका भातकुनि एवं कमल किशोर सहित विशेषज्ञों ने पीएम ई-विद्या की उपयोगिता और प्रभावी एडवोकेसी पर मार्गदर्शन दिया। पीएम ई-विद्या के माध्यम से विद्यार्थियों को विभिन्न डिजिटल माध्यमों से निःशुल्क एवं गुणवत्तापूर्ण शैक्षिक सामग्री उपलब्ध कराई जाती है।
अब सिद्धार्थनगर में विद्यालय स्तर पर शिक्षक अभिमुखीकरण, अभिभावक जागरूकता एवं सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से अभियान को आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक विद्यार्थी पीएम ई-विद्या के डिजिटल संसाधनों का लाभ उठा सकें।
